कानपुर एनकाउंटर मामले में चौबेपुर पुलिस स्टेशन में 10 पुलिसकर्मियों को स्थानान्तरित किया गया है। दरअसल, चौबेपुर पुलिस स्टेशन के पुलिसकर्मियों इस मामले में जांच के दायरे में है, सभी से पूछताछ चल रही है। विकास दुबे को इस दबिश के बारे में जानकारी देने के संदेह में सोमवार को तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
विकास दुबे के करीबी सहयोगी ने पूछताछ में बताया कि पुलिस की दबिश देने से पहले चौबेपुर थाने से किसी का फोन आया था। इस खुलासे के बाद चौबेपुर के सभी पुलिसकर्मी संदेह के घेरे में हैं। कानपुर हमले के मास्टरमाइंड विकास दुबे का अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। विकास दुबे की तलाश में पुलिस की 50 टीमें लगी हुई हैं।
विकास दुबे की मध्य प्रदेश में घुसने की संभावना के चलते पुलिस अलर्ट पर है। पुलिस लगातार विकास दुबे की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है, बावजूद उसके अभी तक आरोपी का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस प्रसाशन ने विकास दुबे पर घोषित इनाम राशि को बढ़ाकर ढाई लाख रूपये कर दिया है। पूरे प्रदेश में विकास दुबे के पोस्टर लगाए गए है।
गौरतलब है कि गुरुवार देर रात कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गांव बिकरू निवासी दुर्दांत अपराधी विकास दुबे को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया था जिसमें एक क्षेत्राधिकारी एक थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।