उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि प्रदेश और केंद्र सरकार सभी वर्गो के लिए बिना भेदभाव के काम कर रही है। मौर्य आज जौनपुर के बदलापुर में सल्तनतबहादुर इण्टर कालेज के मैदान में आयोजित दो दिवसीय बदलापुर महोत्सव का उद्घाटन के बाद सभा को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनायें सभी वर्गो गरीबों, किसानों, नौजवानों के लिए बनायी गयी है और उसका लाभ सभी लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की प्रतिष्ठा पूरी दुनियां में स्थापित की है। सरकार का संकल्प है कि किसी की मौत पैसे के अभाव में नहीं होगी।
आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख तक का इलाज किसी भी अस्पताल में पात्र व पीड़ित व्यक्ति करा सकता है। उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्का मकान, बिजली, गैस कनेक्शन, किसान पेंशन योजना आदि प्रदान की गयी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कई प्रान्त पर्यावरण प्रदूषण से प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी और सफाई करना सरकार व समाज की भी जिम्मेदारी है,तभी पर्यावरण प्रदूषण से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का सिगल यूज करना नुकसानदेह है।
इस मौके पर मौर्य ने उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सब लोग मिलकर कार्य करेगें। खेतों में पुआल या पराली नहीं जलायेगें। प्लास्टिक या थर्माकोल का प्रयोग नहीं करेगें। जल संरक्षण के स्त्रोतों को दूषित नहीं करेगें। पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए वृक्षों की देखभाल करेगें।
इसके पूर्व मौर्य ने बदलापुर विधानसभा क्षेत्र में 50 करोड़ की लागत वाली 43 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जिसमें चकरहिया घाट पर पुल का निर्माण भी शामिल है। विधानसभा क्षेत्र बदलापुर के निवासी आईएएस में चयनित अभिषेक मिश्र, पीसीएस जे में चयनित शिप्रा दुबे के साथ ही बीएचयू के आरएन त्रिपाठी को मौर्य ने सम्मानित किया और महोत्सव में लगाये गये।
जिले के सभी विभागों द्वारा लगाये गये स्टालों का अवलोकन किया। प्रदेश के आवास राज्य मंत्री गिरीश चन्द यादव ने भी महोत्सव के बारे में जानकारी दी। बदलापुर महोत्सव के आयोजक व विधायक रमेश चन्द मिश्र ने महोत्सव के बारे में विस्तार से बताते हुए सभी का स्वागत किया। इस बीच मौर्य ने संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश की क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण अभियान चलाकर शीघ, किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सरकार द्वारा चलायी गयी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को उपलब्ध कराया जाय। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश का सर्वागीण विकास किया जा रहा है।