उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर हमला बोला और कहा कि विपक्षी दल राष्ट्रवाद, विकासवाद और किसानवाद के विरोधी है। केशव अमरोहा में नौगावां सादात विधानसभा क्षेत्र के गांव बादशाहपुर स्थित किसान इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल राष्ट्रवाद, विकासवाद और किसानवाद के विरोधी है। भाजपा सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटवाई, राम मंदिर की स्थापना करवाई। अब विरोधी सोच रहे हैं कि यदि मोदी रहा तो उनकी राजनीति की दुकान बंद हो जाएगी। कोई नानी के घर चला जाएगा तो कोई दूसरी जगह। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता यही है कि विकास तेज गति से हो, लेकिन विपक्षी दल चाहते हैं कि विकास ना हो।
केशव ने कहा, यूपी में विकास के मार्ग में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी की राजनीति करने वालों को जवाब देना होगा। कांग्रेस, सपा और बसपा ने देश को बर्बाद किया है। 60 साल तक देश पर राज करने वाले 6 साल में मोदी पर सवाल खड़ा करते हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा है, विकास कर रहा है। योगी सरकार ने 3 साल में कोई कमी नहीं छोड़ी, प्रदेश को पूरी तरह से बदल दिया। सपा और बसपा 15 साल का हिसाब दें।
अमरोहा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के लोगों पर मां गंगा का आशीर्वाद है। क्रिकेटर व पूर्व खेल मंत्री चेतन चौहान को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जो धरती पर आया है उसे एक दिन जाना है। चेतन भी हम सबको असमय छोड़कर चले गए। उन्होंने उपचुनाव में जीत के लिए अमरोहा की जनता से आशीर्वाद मांगा।