उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने वाला लेखपाल प्रदीपेंद्र सिंह चौहान बेहिसाब संपति का मालिक निकला। जमीन घोटाले में फेंसे लेखपाल चौहान की पांच करोड़ से अधिक की संपत्ति को पुलिस ने सीज कर दिया। लेखपाल गैंगस्टर एक्ट के मामले में पहले से ही जेल में बंद है।
मैनपुरी के राजा बाग का रहने वाला लेखपाल प्रदीपेंद्र वर्ष 2012 से 2017 तक भोगांव तहसील में तैनात रहा इस दौरान गांव अहिरवा में उसने सरकारी 950 बीघा जमीन को फर्जी तरीके से अपने रिश्तेदारों और अन्य लोगों के नाम अंकित करा लिया।2018 में उसके कारनामे का भंडाफोड़ हुआ तो प्रशासन के अधिकारी भी हैरान हो गए लेखपाल सहित 52 लोगों के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी की FIR दर्ज कराई गई थी।
वर्ष 2020 में लेखपाल और उसके साथियों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्यवाही की गयी। आरोपी लेखपाल को अभी हाल ही में सलाखों के पीछे भेजा गया था अब पुलिस जांच में तकरीबन 5 करोड़ 30 लाख की संपत्ति का मामला सामने आया है। पुलिस ने राजा बाग स्थित 4 मंजिला मकान, देवी रोड स्थित एक दुकान को सील कर दिया है। नोएडा सहित अन्य ठिकानों की पुलिस संपत्ति को तलाश रही है।
गुरुवार को पुलिस, लेखपाल के घर पहुंची तो महिलाओं ने दरवाजा खोलने से इंकार कर दिया। इसके बाद महिला पुलिस को बुलाकर जबरन दरवाजा खुलवाया गया। नोकझोंक के बाद पुलिस ने परिवारीजनों को बाहर निकाला और मकान सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान चार मंजिला मकान और दुकानें सील की गई हैं।