दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से रविवार रात को इंदौर जा रही 12416 इंटरसिटी एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रहे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के बगल के कूपे में शराब पीकर हंगामा कर रहे युवकों को सबक सिखाने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। रेलवे पुलिस ने यह जानकारी दी।
रेलवे पुलिस ने बताया, “लोकसभा अध्यक्ष ने जब अपने पीए राघवेंद्र को उन्हें समझाने के लिए भेजा तो युवक उनसे ही भिड़ गए। तब उन्होंने अपने पीए को इसकी सूचना रेलवे नियंत्रण कक्ष को देने का निर्देश दिया। देर रात करीब एक बजे जब ट्रेन मथुरा जंक्शन पर पहुंची तो रेलवे सुरक्षा बल के थाना प्रभारी ने चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया और सोमवार को रेलवे मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।”
बिहार: मोतिहारी में पुलिस की गांधीगिरी, हेलमेट और बीमा के बिना चलने पर भी चालान नहीं
राजकीय रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 12416 इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के प्रथम श्रेणी एसी कोच में सफर कर रहे थे। वह में कोटा जा रहे थे। जैसे ही रात में करीब 11 बजे ट्रेन ने निजामुद्दीन स्टेशन छोड़ा, उनके बगल वाले कूपे में बैठे दिल्ली और गुरुग्राम के पांच युवकों ने शराब पीनी शुरू कर दी और कुछ देर बाद हंगामा मचाने लगे, जिससे अपनी-अपनी बर्थ पर सो रहे लोग असहज महसूस करने लगे।
उन्होंने बताया, “यह सब देखकर बिरला ने अपने सहायक राघवेंद्र को उन्हें समझाने के लिए भेजा। लेकिन युवक उनसे (राघवेंद्र) ही भिड़ गए, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष के निर्देश पर राघवेंद्र ने रेलवे नियंत्रण को मामले की जानकारी दी और मामले में कार्रवाई करने को कहा। ट्रेन के मथुरा पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल का पूरा दस्ता वहां पहुंचा और आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। रेलवे सुरक्षा बल को उनके कूपे से शराब की बोतलें, नमकीन, ग्लास एवं कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बरामद हुईं।”
आरपीएफ थाना प्रभारी सीबी प्रसाद ने बताया, पकड़े गए युवकों में दिल्ली के विकास डागर और राजीव (दोनों 36 साल) निवासी गोपाल नगर, नजफगढ़; मनोज (40) निवासी छावला, नई दिल्ली तथा गुरुग्राम के काकडोला, फर्रुखनगर के अमरप्रीत (40) एवं पतली, हाजीपुर के प्रीतम (42) शामिल हैं। इनके खिलाफ ट्रेन में शराब पीकर हंगामा करने के आरोप में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



