बलिया : पत्रकार रतन सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया कि पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम को बृहस्पतिवार पत्रकार हत्याकांड के मुख्य आरोपी हीरा सिंह को लेकर अहम जानकारी मिली। इस सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने रसडा की ओर भाग रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस दल पर गोली भी चलाने का प्रयास किया। उसके पास से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए हैं। यादव के अनुसार पूछताछ के दौरान हीरा ने पत्रकार की हत्या का गुनाह स्वीकार कर लिया है। पुलिस इससे पूर्व छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में पत्रकार के पिता विनोद सिंह ने 10 व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज कराया था।
बता दें, बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक निजी हिंदी समाचार चैनल के पत्रकार रतन सिंह की गोली मारकर कथित रूप से हत्या कर दी गयी। अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव ने बताया, ‘‘सिंह (45) की सोमवार रात्रि फेफना गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के समय वह फेफना गांव की तरफ से घर की तरफ जा रहे थे।’’