नए कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को कांग्रेस समर्थन कर रही है। कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में लगातार महापंचायतों का आयोजन कर रही है। मंगलवार को मथुरा के पालीखेड़ा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसानों की महापंचायत को संबोधित किया। प्रियंका ने यहां पीएम मोदी पर निशाना साधा और कहा कि पीएम सिर्फ अहंकारी ही नहीं बल्कि कायर भी है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर पिछली सरकारों ने कुछ बनाया ही नहीं, तो फिर आप बेच क्या रहे है। आपकी सरकार ने सिर्फ नोटबंदी और जीएसटी बनाया है, जिससे जनता परेशान है। प्रियंका ने ऐलान किया कि जबतक तीनों कानून वापस नहीं होंगे, तब तक किसानों की लड़ाई जारी रहेगी। हमारी सरकार आते ही इन कानूनों को रद्द कर दिया जाएगा।
प्रियंका बोलीं कि पता नहीं पीएम मोदी को किसानों से कौन सी दुश्मनी है, पीएम मोदी संसद में भी किसानों का अपमान करते है। इनके मंत्री किसानों को आतंकवादी बोलते हैं, जब राहुल गांधी ने संसद में मौन रखा तो सरकार ने उसमें हिस्सा नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि मथुरा की धरती अहंकार को तोड़ती है, भाजपा सरकार ने भी अन्नदाता के लिए अहंकार पाल लिया है। 90 दिनों से किसान दिल्ली की सीमा पर अपनी लड़ाई लड़ रहा है, 200 से अधिक किसान इस दौरान शहीद हो गए। पीएम मोदी दुनिया के हर कोने तक पहुंचे, लेकिन दिल्ली में किसानों से नहीं मिल पाए।
प्रियंका गांधी ने कहा कि इस सरकार का विवेक मर चुका है, भगवान कृष्ण इनका भी अहंकार तोड़ेंगे। पीएम मोदी ने अपने लिए दो विमान खरीदे लेकिन किसानों का बकाया नहीं दिया। इससे मोदी सरकार की नीयत साफ होती है, सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे है।