बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे और यूपी की सियासत में ब्राह्मण चेहरे के तौर पर जाने जाते रहे नकुल दुबे आज दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक आंदोलन है, जिसे हम बचपन से देख रहें हैं। आज उस आंदोलन को षड़यंत्र कर प्रदेश व देश से हटाने का कार्य किया गया है। नेता ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने पर खुशी जाहिर कि और बसपा से पार्टी छोड़े जाने पर नकुल ने कहा कि, देशभक्ति जाग आई, इसलिए कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
BSP छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए नकुल दुबे
बता दें कि दुबे पेशे से अधिवक्ता हैं और उत्तरप्रदेश के प्रबुद्धजन के बीच उनकी गहरी पैठ है। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक कुछ दिनों पहले उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी। उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों के प्रमुख चेहरे के तौर पर जाने-जाने वाले नकुल दुबे ने भाईचारा कमेटियों का संयोजन कर मायावती को सत्ता दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
जानकारी के अनुसार, नकुल दुबे के पार्टी में शामिल होने के बाद बहुत जल्द यूपी की सियासत के कई अहम नाम कांग्रेस का दामन थामने जा रहे हैं। सूत्रों के हवाले से खबर यह भी है कि सपा और बसपा के कई बड़े नेता जल्द ही कांग्रेस के झंडे के नीचे नजर आएंगे। सियासी गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीधी टक्कर अब कांग्रेस से है इसलिए कई दिग्गज अब हाथ का साथ थामने के लिए तैयार हैं।