बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय के बहाने बुधवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी पर मायावती ने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा नेतृत्व के यदाकदा फटकार से अबतक स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है और न आगे इसकी कोई गारंटी है।
मायावती ने ट्वीट के माध्यम से कहा, “देश भर में हर स्तर पर सत्ताधारी पार्टी के लोगों द्वारा जिस प्रकार से कानून को खुलेआम हाथ में लेकर हर प्रकार की अराजकता फैलाई जा रही है, वह लगातार गंभीर चिन्ता का विषय बना हुआ है। लेकिन भाजपा नेतृत्व के यदाकदा फटकार से अबतक स्थिति में कोई सुधार नहीं आया है और न आगे कोई गारंटी है।”

उन्होंने आगे लिखा, “भाजपा सरकारें ऐसे जातिवादी व धार्मिक उन्मादी जघन्य अपराध अपने राज्यों में लगातार क्यों होने देती हैं, जिससे पूरा राज्य व वहां की सरकार ही नहीं, बल्कि देश की भी बदनामी होती है और पीएम को भी शर्मिन्दा होना पड़ता है। वैसे अब तो पुलिस व सरकारी कर्मचारी भी इस नई आफत के शिकार हैं।”

गौरतलब है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय के मामले में सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि “किसी का भी बेटा हो, उसकी यह हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन लोगों ने स्वागत किया है, उन्हें भी पार्टी में रहने का हक नहीं है। सभी को पार्टी से निकाल देना चाहिए।”
पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय ने इंदौर के गंजी कम्पाउंड क्षेत्र में एक जर्जर भवन ढहाने गए नगर निगम के एक अधिकारी को बैट से पीट दिया था। यही नहीं बाद में आकाश ने इसे सही ठहराते हुए कहा था कि “हमारा काम करने का तरीका है पहले आवेदन, फिर निवेदन और फिर दे दनादन। पूरी घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पूरे देश में इस मुद्दे को लेकर भाजपा की किरकिरी हुई।”


Download Android App
Download iOS App



