उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी का बलात्कार कर हत्या का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीड़िता की पहचान छिपाने के मकसद से शव को तेजाब से जला दिया। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गुस्सा व्याप्त है।
पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने बुधवार को बताया कि किशोरी का शव नदी में मिला। सोमवार से लापता किशोरी का शव मिलने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये और उन्होंने भदोही-जौनपुर मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारी फोरेंसिक टीम और श्वान दस्ते के साथ मौके पर मौजूद हैं। सिंह ने बताया कि किशोरी का जला हुआ शव वरूणा नदी में मिला है। शव का चेहरा और कमर के ऊपर का हिस्सा तेज़ाब से जला हुआ मिला।
उन्होंने आशंका व्यक्त की कि किशोरी के साथ बलात्कार किया गया और उसके बाद उसकी हत्या की गई। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है और वारदात को अंजाम देने वालों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।