राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में कथित तौर पर 50 वर्षीय एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की मीडिया रिपोर्ट्स पर संज्ञान लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, अपराध तब हुआ जब महिला प्रार्थना करने के लिए एक मंदिर में गई थी।
आयोग ने एक बयान में कहा, “पीड़ित के परिवार ने प्राथमिकी दर्ज करने में देरी के लिए पुलिस पर उदासीनता का भी आरोप लगाया है। आयोग ने कथित घटना और पुलिस उदासीनता पर गहरा रोष जताया है।”
एनसीडब्ल्यू की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। एनसीडब्ल्यू के सदस्य पीड़ित के परिवार और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
बयान में कहा गया है, “आयोग ने पुलिस से मामले में विस्तृत कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी है। पत्र की एक प्रति पुलिस अधीक्षक, बदायूं को भी भेजी गई है।”


Download Android App
Download iOS App



