उत्तर प्रदेश के बदायूं में महिला को पड़ोसी द्वारा जबरन तेजाब पिलाने का मामला सामने आया है। वहीं विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के पेट में चाकू घोंप दिया। जिसके बाद महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला के परिजनों द्वारा की गयी शिकायत में बताया गया है कि थाना कादर चौक इलाके के सकरी कासिमपुर गांव में काजल (30) अपने घर में बच्चों के साथ अकेली रहती है। उसका पति दिल्ली में मजदूरी करता है। सोमवार देर रात को महिला के घर मे पड़ोसी युवक सतेंद्र सिंह घुस आया और जबरन उसे तेजाब पिलाने का प्रयास किया। असफल होने पर उसने महिला के पेट मे चाकू घोंप दिया।
उन्होंने बताया कि महिला और उसके बच्चों का शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गम्भीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया, ‘‘महिला के घरवालों की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है क्योंकि महिला ठीक से बोल नहीं पा रही है।’’