कानपुर के चौबेपुर में हुई मुठभेड़ के बाद से फरार चले रहे बदमाश विकास दुबे पर पुलिस ने ढाई लाख रूपये का इनाम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश के टोल नाकों पर उसके पोस्टर चस्पा करने के निर्देश दिए गए है। इससे पहले विकास दुबे पर 1 लाख का इनाम घोषित किया गया था, जिसको बढ़ाकर अब ढाई लाख रूपये कर दिया गया है।
कानपुर आईजी मोहित अग्रवाल ने सोमवार को बताया, ‘‘विकास दुबे पर अब ढाई लाख रूपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। इस आशय का एक प्रस्ताव पुलिस महानिदेशक को भेजा गया था जहां से इनाम की राशि बढ़ाने की मंजूरी मिलने के बाद सोमवार को इनाी रकम बढा दी गयी है।’’
आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया, ‘‘जो व्यक्ति दुबे के बारे में सही जानकारी देगा उसे न केवल इनाम दिया जाएगा बल्कि उसकी पहचान भी गुप्त रखी जाएगी। पूरे प्रदेश के टोल नाको पर दुबे के पोस्टर लगाने के लिये भी कहा गया है ताकि अगर वह किसी टोल नाके से निकलता है तो उसके बारे में जानकारी मिल सके।’’
कानपुर एनकाउंटर : शक के दायरे में चौबेपुर थाना, IG बोले-सबूत मिले तो पुलिसवालों पर दर्ज होगा हत्या का केस
उल्लेखनीय है कि पहले दुबे पर पहले पचास हजार का इनाम था जिसे बाद में बढ़ा कर एक लाख कर दिया गया और अब सोमवार को इसमें इजाफा कर इसे ढाई लाख रूपये कर दिया गया है। आईजी ने बताया, ‘‘दुबे को ढूंढने के लिए 40 पुलिस थानों की 25 टीमें लगायी गयी है जो दिन रात पूरे प्रदेश के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर रही है। इसके अलावा कुछ टीमें दूसरे प्रदेशों को भी भेजी गयी है। जल्द ही अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है।’’
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस के निगरानी दल की नजरें दुबे के करीबियों के मोबाइल पर लगातार बनी हुई है और उससे कोई भी नाता रखने वाला हर व्यक्ति पुलिस राडार पर है। गौरतलब है कि गुरुवार देर रात कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गांव बिकरू निवासी दुर्दांत अपराधी विकास दुबे को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया था जिसमें एक क्षेत्राधिकारी एक थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।