उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर गोरखपुर जिले में गजब का उत्साह देखा गया। राम की नगरी अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वहां पहुंच गए हैं। दिवाली पर अयोध्या भगवान राम के रंग रंगी हुई है।
मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ शनिवार देर शाम तीन दिनो तक चलने वाले दीपोत्सव का उदघाटन करेंगे। गोरखपुर तथा आसपास के क्षेत्रों से बडी संख्या में लोग अपने निजी साधनों से अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं ताकि उस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बन सकें।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में दीपावली का पर्व भारी हर्ष के साथ मनाया जा रहा है। बाजार बिजली की रोशनी से जगमगा रहे हैं। स्थानीय लोग दीपोत्सव को अपने घर आंगन में मनाने को तैयार हैं। कुल मिलाकर यहां आधुनिकता और परम्परा का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।
श्री योगी दीपावली रविवार को जिले के बनटंगिया ग्रामवासियों संग मनायेंगे जिसकी तैयारी में जिला प्रशासन जोर शोर से लगा हुआ है। अयोध्या रवाना होने से पहले गोरखपुर मे भाजपा के जिलाध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि अयोध्या से एक संदेश पूरे देश को देना है कि सदभाव, त्याग और बलिदान के बिना मानव कल्याण सम्भव नहीं है।