उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस के नए स्वरूप वाले देशों से आए लोगों की जांच करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे देशों से उत्तर प्रदेश आए लोगों को पृथक कर उनकी जांच की जाए और इसके लिए टीम गठित की जाए।
यहां जारी सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार को लोक भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में ‘अनलॉक’ व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। योगी ने निर्देश दिए कि नोडल अधिकारी संबंधित ज़िलों में कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए की जा रही कार्रवाई की निगरानी करें।
उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी इस संबंध में मंगलवार शाम तक अपनी रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री ने संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने तथा निगरानी की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोविड चिकित्सालयों की व्यस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए और वरिष्ठ चिकित्सक कोविड वार्ड का नियमित तौर पर चक्कर लगाएं।


Download Android App
Download iOS App



