देश में कोरोना वायरस की चपेट में आने से कोई नहीं बच रहा। चाहे वो आम आदमी हो या बड़े नेता यहां तक की लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले पत्रकार भी नहीं। मीडिया जगत के लिए रोहित सरदाना के बाद एक और बुरी खबर आई है। वरिष्ठ पत्रकार शेष नारायण सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे और ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में उनका कई दिनों से इलाज चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार हो रहा था और कुछ दिन पहले ही उनका प्लाजमा पद्धति से इलाज किया गया था, लेकिन शुक्रवार तड़के उनकी तबीयत अचानक खराब हुई। शेष नारायण सिंह ने कई अखबारों में बतौर संपादक काम किया था और कई समाचार पत्रों में अब भी स्तंभ लेखन करते थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेष नारायण सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया और कहा कि पत्रकारिता जगत में अपने योगदान के लिए वह हमेशा याद किए जाएंगे। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘वरिष्ठ पत्रकार शेष नारायण सिंह जी का निधन अत्यंत दुखद है। पत्रकारिता जगत में अपने महत्वपूर्ण योगदान के लिए वे हमेशा जाने जाएंगे। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
शेष नारायण सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से ही थे। बीते कई वर्षों से हिन्दी पत्रकारिता में वह अपना योगदान दे रहे थे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी।