पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ी कीमतों, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधान भवन के सामने प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। सपा कार्यकर्ता विधान भवन के सामने स्थित भाजपा राज्य मुख्यालय के सामने एकत्र होकर प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा , “बेरोजगारी, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोत्तरी और प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज से पता चलता है कि प्रदेश की नाकाम भाजपा सरकार किस तरह जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने वालों का दमन कर रही है।’’
बेरोज़गारी, महँगाई व क़ानून-व्यवस्था के ख़िलाफ़ सपा के कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन पर लाठी चार्ज बता रहा है कि प्रदेश की असफल भाजपा सरकार किस प्रकार जनहित के मुद्दों पर जनता की आवाज़ को लगातार दबा रही है.
घोर अलोकतांत्रिक, निंदनीय कृत्य! pic.twitter.com/d5ruNjvNiG
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 26, 2020
उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। इस बारे में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सपा कार्यकर्ता विधान भवन की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे थे जिन्हें रोकने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।