प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महाराजा सुहेलदेव स्मारक और चित्तौरा झील के विकास कार्य की आधारशिला रखी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुए इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कृषि कानूनों के खिलाफ खड़े विपक्ष पर जमकर हमला किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘कभी विदेशी कंपनियों को भारत में आने देने वाले लोग आज देसी कंपनियों के खिलाफ माहौल बना रहे हैं। नए कृषि कानूनों के जरिए छोटे किसानों को लाभ होगा। किसानों के हित में बने कृषि कानूनों के खिलाफ भ्रम फैलाने में जुटे हैं। दुष्प्रचार कर रहे हैं। आज गांव का गरीब किसान देख रहा है कि उसके छोटे से घर और जमीन को बचाने के लिए कोई सरकार इतनी बड़ी स्कीम चला रही है। पीएम मोदी ने कहा कि हमने स्वामित्व योजना के तहत गांवों में लोगों को अधिकार देने का काम किया है।’
महामारी की निराशा को पीछे छोड़ रहा है भारत
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह बसंत भारत के लिए नई आशाओं और नए उत्साह के साथ आया है जो आगे बढ़ रहा है, महामारी की निराशा को पीछे छोड़ रहा है। महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय का लोकार्पण करते हुए उन्होंने कहा, इससे लोगों को लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, आज मुझे बहराइच में महाराजा सुहेलदेव जी के भव्य स्मारक के शिलान्यास का सौभाग्य मिला है। ये आधुनिक और भव्य स्मारक, ऐतिहासिक चित्तौरा झील का विकास, बहराइच पर महाराजा सुहेलदेव के आशीर्वाद को बढ़ाएगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। भारत का इतिहास सिर्फ वो नहीं है, जो देश को गुलाम बनाने वालों, गुलामी की मानसिकता के साथ इतिहास लिखने वालों ने लिखा, भारत का इतिहास वो भी है जो भारत के सामान्य जन में, भारत की लोकगाथाओं में रचा-बसा है। जो पीढ़ी दर पीढ़ी बढ़ा है।
उन्होंने कहा, बहराइच जैसे विकास के आकांक्षी ज़िले में स्वास्थ सुविधाएं बढ़ना यहां के रहने वालों के जीवन को आसान बनाएगा। इसका लाभ आसपास के ज़िले श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर को तो होगा ही साथ ही साथ ही नेपाल से आने वाले मरीजों को भी मदद करेगा। देश की पांच सौ से ज्यादा रियासतों को एक करने का कठिन कार्य करने वाले सरदार पटेल जी के साथ क्या किया गया, देश का बच्चा भी भली-भांति जानता है। आज दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल की है, जो हमें प्रेरणा दे रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा, भारत के अनेक ऐसे सेनानी हैं, जिनके योगदान को अनेक वजहों से मान नहीं दिया गया। चौरी-चौरा के वीरों के साथ जो हुआ, वो क्या हम भूल सकते हैं? महाराजा सुहेलदेव और भारतीयता की रक्षा के लिए उनके प्रयासों के साथ भी यही प्रयास किया गया। बीते कुछ सालों में देश भर में इतिहास, आस्था, अध्यात्म, संस्कृति से जुड़े जितने भी स्मारकों का निर्माण किया जा रहा है, उनका बहुत बड़ा लक्ष्य पर्यटन को बढ़ावा देने का भी है। उत्तर प्रदेश तो पर्यटन, तीर्थाटन दोनों के मामले में समृद्ध भी है और इसकी क्षमताएं भी अपार हैं।
बीते कुछ वर्षों में जो प्रयास हुए हैं उनका प्रभाव भी नजर आने लगा है। जिस राज्य में सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं, उसका नाम है उत्तर प्रदेश। विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करने में यूपी देश के टॉप तीन राज्यों में आ चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के कई अनेक नायक-नायिकाओं को कभी इतिहास में जगह नहीं दी गई, जिन्हें कभी उनका सम्मान नहीं दिया गया उसे आज का भारत सुधार रहा है।