कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि उत्तर प्रदेश में एक दिन भी ऐसा नहीं बीतता जिस दिन भाजपा सरकार महिलाओं को ये भरोसा दिलाने में कामयाब हो कि आप सुरक्षित हैं और अगर आपके साथ कोई घटना घटती है तो आपको न्याय मिलेगा।

प्रियंका ने दूसरे ट्वीट में लिखा, ”उत्तर प्रदेश में ये उन्नाव मामले जैसा ही दुहराव लग रहा है. अगर कोई महिला BJP नेता के खिलाफ शिकायत करती है, तो उसको न्याय मिलना तो दूर की बात, उसकी खुद की सुरक्षा की भी गारंटी नहीं रहती।”

एक के बाद एक ट्वीट कर प्रियंका ने अपने तीसरे ट्वीट में कहा, “आवाज उठाने वाली लड़की लापता है या कर दी गयी है। उसके साथ क्या हो रहा है कोई नहीं जानता। आखिर ये कब तक चलेगा?”

आखिरी एवं चौथे ट्वीट पर उन्होंने कहा, “पिछले ही साल आरोपी पर से बलात्कार का मुकदमा भाजपा सरकार ने वापस लिया था। बहुत साफ है सरकार किसके साथ खड़ी है। यूपी की लड़कियाँ सब देख रही हैं।”

बता दें कि प्रियंका गांधी ने जिस मामले को लेकर ट्वीट किया है वो उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का है। शाहजहांपुर में लॉ कॉलेज की एक छात्रा का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में छात्रा कॉलेज के डायरेक्टर और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर शारीरिक शोषण, डराने-धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगा रही है। छात्रा ने अपने परिवार पर जान को खतरा बताया है. 24 अगस्त को सोशल मीडिया पर शारीरिक शोषण से संबंधित वीडियो डालने के बाद से छात्रा गायब है।


Download Android App
Download iOS App



