कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उन्नाव जिले में आग के हवाले की गई बलात्कार पीड़िता की मौत के बाद उसके परिजन से मुलाकात करने के लिए लखनऊ से उन्नाव पहुंच गईं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि पीड़िता की मौत की खबर मिलने के बाद प्रियंका उन्नाव के लिए रवाना हो गई हैं।
उन्होंने बताया कि प्रियंका वहां पीड़िता के परिजन से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगी। प्रियंका उत्तर प्रदेश की अपनी दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार को लखनऊ पहुंची थीं। गौरतलब है कि उन्नाव जिले के बिहार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली करीब 23 वर्षीय बलात्कार पीड़िता को गुरुवार तड़के रेलवे स्टेशन जाते वक्त रास्ते में पांच आरोपियों ने आग के हवाले कर दिया था।
उन्नाव बलात्कार पीड़िता की मौत पर बोली प्रियंका गांधी- यह हम सबकी नाकामयाबी है हम उसे न्याय नहीं दिला पाए
आरोपियों में से दो के खिलाफ पीड़िता ने बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था। करीब 90% तक झुलस चुकी युवती को एअरलिफ्ट कराकर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे उसकी मौत हो गई।