कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाओं को लेकर बुधवार को राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य की पुलिस जनता को परेशान कर रही है लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।
उन्होंने राज्य के प्रतापगढ़ की एक घटना का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘उप्र पुलिस अपराधियों पर मेहरबान है लेकिन हर दिन नागरिकों को परेशान करने में माहिर है। प्रतापगढ़ के सत्य प्रकाश शुक्ला का परिवार बता रहा है कि उनको बच्चों के सामने किस तरह प्रताड़ित किया गया।’’
प्रियंका ने आरोप लगाया, ” हापुड़ में इस तरह की घटना हुई थी। लेकिन भाजपा सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही।’ यह पहली बार नहीं है जब प्रियंका ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर सवाल खड़े किए हो। इससे से पहले भी उन्हें यूपी में महिलाओं के खिलाफ होते अपराध को लेकर ट्वीट किया था।
उन्होंने लिखा था की पूरे देश में महिलाओं पर सर्वाधिक अपराध UP में हो रहे हैं। एक साल में 56,000 से ज़्यादा और इसमें वो घटनाएँ शामिल भी नहीं है जिनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। क्या ये आँकड़ा इतना भी गंभीर नहीं कि मुख्यमंत्री जी इसका संज्ञान लेते?