लखनऊ के घंटाघर में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में मुस्लिम महिलाओं का प्रदर्शन जारी है। चंद महिलाओं के साथ शुरू हुए प्रदर्शन में सैकड़ों महिलाएं शामिल हो गई। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि जब तक नागरिकता संशोधन कानून वापस नहीं होगा उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
घंटाघर पर घने कोहरे में रात भर महिलाएं खुले आसमान के नीचे भारत माता की जय नारों के साथ जमी रहीं। वहीं, प्रशासन की ओर से घंटाघर की बिजली काटे जाने पर महिलाओं ने रोष जाहिर किया। प्रदर्शन में पुलिसिया कार्रवाई के बाद अफरा तफरी का माहौल मच गया है। रविवार सुबह पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं के पास से खाने-पीने के सामान सहित कंबल भी जब्त कर लिया है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस खाने-पीने का सामान भी उठा ले गई और छह मददगारों का चालान भी किया। मौके पर पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवानों ने प्रदर्शनकारियों की घेराबंदी की तो महिलाओं ने मोमबत्तियां जलाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का संकेत दिया और कई अफसरों को फूल देकर गांधीगीरी भी की। शाहीन बाग में महिलाओं के प्रदर्शन को देखते हुए देश के अन्य कई शहरों- कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई, प्रयागराज, पटना और इंदौर में महिलाएं नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रही है।