उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि कुपोषण से लड़ने में आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है। योगी ने ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान की शुरुआत करने के बाद कहा कि अगर देश के बच्चे ही कमजोर होंगे तो मुल्क कभी मजबूत नहीं बन पायेगा। कुपोषण से लड़ने के लिए आम लोगों की भागीदारी बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जन भागीदारी और संयुक्त प्रयासों की वजह से उत्तर प्रदेश में संक्रामक रोगों की दर में गिरावट आयी है। इस साल प्रदेश में डेंगू, कालाजार, चिकुनगुनिया और फाइलेरिया जैसे रोगों का प्रकोप नहीं फैला। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बात को ध्यान रखना होगा कि इस एक महीने के राष्ट्रीय पोषण माह अभियान के फायदे से एक भी बच्चा महरूम न रहे।
भूख से लड़ने के लिए सभी राज्यों में सामुदायिक रसोई की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका
उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले तक पूर्वांचल में इंसेफ्लाइटिस की वजह से बड़ी संख्या में बच्चों की मौत होती थी। मगर स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य महकमों के संयुक्त प्रयासों से पिछले दो वर्षों के दौरान हमने इस बीमारी को रोकने में कामयाबी हासिल की है।
इसमें जन जागरूकता और भागीदारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्वाति सिंह ने इस मौके पर कहा कि ‘राष्ट्रीय पोषण माह’ अभियान का मकसद प्रदेश से कुपोषण को जड़ से खत्म करना है।