समाजवादी पार्टी की नेता रुबीना खान ने हिजाब विवाद पर विवादित बयान दिया है। हिजाब पहनने के समर्थन में अलीगढ़ में हो रहे प्रदर्शन के बीच सपा नेता ने कहा कि अगर हिजाब पर हाथ डाला तो हाथ काट दिए जाएंगे। इस दौरान रुबीना खान ने कहा कि भारत विविधताओं का देश है।
अलीगढ़ में विवादित बयान देते हुए रुबीना खान ने कहा कि ‘भारत विविधताओं का देश है। यहां माथे का तिलक हो या शरीर पर हिजाब या फिर पगड़ी…सभी का बराबर सम्मान है। हमारी बहन-बेटियों के आत्म सम्मान पर हाथ डालेंगे वह उन्हें झांसी की रानी और रजिया सुल्तान बनने में देर नहीं लगेगी। वह उसका हाथ को काट डालेंगी।’
‘हिजाब विवाद’ मुस्लिम लड़कियों की शिक्षा को तालिबानी ताले में बंद करने की कोशिश : नकवी
सपा नेता ने कहा कि घूंघट हो या हिजाब, यह सब हमारी भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अटूट हिस्सा है। इन पर राजनीति कर विवाद खड़ा करना नीचता की पराकाष्ठा होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को कमजोर समझने की भूल कतई न करो। इसमें सरकार चाहे किसी भी पार्टी की हो, यदि उनकी बहन-बेटियों के आत्म सम्मान पर हाथ डाला गया, तो उनको झांसी की रानी और रजिया सुल्तान बनने में देर नहीं लगेगी।
गौरतलब है कि कर्नाटक में उपजा हिजाब विवाद देश के कई हिस्सों में पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और हैदराबाद समेत देश के कई राज्यों में हिजाब के समर्थन में प्रदर्शन हो रहे हैं। विवाद के बीच हिजाब पहनने की मांग पर कर्नाटक हाईकोर्ट ने इस मामले में फैसला आने तक स्कूल-कॉलेजों में धार्मिक पोशाक पहनकर जाने पर रोक लगाई है।