संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र में एक केंटर तथा एक पिकअप वाहन के बीच भीषण टक्कर होने से आठ लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को देर रात बेहजोई थाना क्षेत्र के मुरादाबाद – आगरा राजमार्ग पर लेहरावन गांव के पास केंटर और पिकअप वाहन की टक्कर हो गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में आठ लोगों की जान चली गई और 12 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी लोग बदायूं के उघेती से एक विवाह समारोह से वापस आ रहे थे।
लखनऊ में एक बयान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और ज़िला प्रशासन के अधिकारियों को हादसे में घायल हुए लोगों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।