श्रीकांत त्यागी के परिवार ने अदालत से सुनवाई के दौरान बड़ी मांग की है। परिवार ने त्यागी की जान को खतरा बताते हुए अदालत से उन्हें अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। त्यागी अभी जेल में बंद है। त्यागी की पैरवी कर रहे वकील सुशील भाटी ने बताया कि उसके परिवार ने हाल में स्थानीय गौतम बुद्ध नगर अदालत से उसकी सुरक्षा बढ़ाने का आग्रह किया था।
वही, वकील ने कहा, ‘‘अदालत ने त्यागी की सुरक्षा बढ़ाने की अनुमति दे दी थी। अतिरिक्त सुरक्षा का ब्योरा जेल नियमों के अनुसार तय किया जाएगा।’’ नोएडा की एक महिला के साथ मारपीट और अपशब्द कहने वाले कथित वीडियो के सामने आने के बाद त्यागी को गिरफ्तार किया गया था। नोएडा पुलिस ने त्यागी (34) को नौ अगस्त को मेरठ से गिरफ्तार किया था और उसके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम और असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
बीजेपी ने त्यागी से किसी प्रकार के संबंधों से किया था इनकार
इसी के साथ गैंगस्टर अधिनियम के अलावा त्यागी पर उसकी कारों पर ऐसे स्टिकर और राज्य सरकार के प्रतीक का उपयोग करने के आरोप में धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया गया था, जो केवल विधानसभा सदस्यों को जारी किए जाते हैं। त्यागी को भाजपा का पदाधिकारी बताया गया था। हालांकि, पार्टी ने उसके साथ संबंधों से इनकार किया था।