उत्तर प्रदेश की मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी का आज से दो दिवसीय अधिवेशन कार्यक्रम शुरू होने वाला है। आज प्रान्तीय अधिवेशन है, जबकि 29 सितंबर को राष्ट्रीय अधिवेशन होने वाला है, जिसकी तैयारी समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कर ली है।
इस अधिवेशन में समाजवादी पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाएगा, लेकिन यह बात पहले से ही फाइनल हो चुकी है कि अखिलेश यादव ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तीसरी बार बनने वाले हैं। अब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर यादव परिवार का ही कब्ज़ा रहा है। अखिलेश इससे पहले 2017 में पहली बार अध्यक्ष बने थे। इसके बाद दुबारा वो 2017 में ही अक्टूबर माह में अधिवेशन के दौरान अध्यक्ष बने थे।
नेताओं को मिलेगी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
मिली जानकारी के अनुसार जहां एक तरफ अखिलेश यादव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे। वही,प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेश उत्तम पटेल और बीजेपी पूर्व नेता स्वामी प्रसाद का नाम भी सामने आ रहा है। साल 2024 में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और जल्द उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव होने वाले हैं, इसलिए सपा का यह अधिवेशन कार्यक्रम काफी महत्वपूर्ण है।
इसी के साथ इस अधिवेशन में बीजेपी को लोकसभा चुनाव में कैसे घेरा जाए इस पर भी विचार किया जाएगा और कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिल सकती है।