हाथरस की गैंग रेप पीड़िता के परिजनों से मिलने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा रोके जाने पर वह भड़क गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने में जमकर हंगामा किया और तोड़ -फोड़ भी की गयी। हाथरस गैंगरेप कांड पर गरमाई सियासत के बीच पुलिस ने पीड़िता के गांव बुलगढ़ी को छावनी में तब्दील कर दिया है।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए नेताओं को हाथरस जाने से रोकने का पूरा इंतजाम किया है। इस बीच गुरुवार की सुबह समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अलीगढ़ से हाथरस के बुलगढ़ी की ओर जा रहे थे। हाथरस के कोतवाली सासनी क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे भड़के हुए सपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और थाने में तोड़फोड़ भी की। सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर गैंगरेप केस में सच्चाई दबाने के लिए दमनकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
जिले की सीमाएं सील कर दी गई है और दिल्ली-नोएडा-दिल्ली (डीएनडी) फ्लाईओवर पर भारी पुलिस बल तैनात हो गई है।हाथरस के डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि जिले की सारी सीमाएं सील कर दी गई हैं। साथ ही पूरे जिले में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है, जिसके तहत पांच से अधिक लोगों को एक जगह इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है।