लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बदले की भावना से विपक्ष का उत्पीड़न और बदनाम करने का काम कर रही है। स्वच्छ, ईमानदार और धर्मनिरपेक्ष छवि के वरिष्ठ समाजवादी नेता मो. आजम खान उनके निशाने पर रहते हैं। जल निगम की भर्तियों से उनका कोई लेना देना नहीं होने के बावजूद उनकी छवि बिगाड़ने की साजिशें हो रही हैं।
समाज का हर वर्ग असंतुष्ट
अखिलेश यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि, भाजपा सरकार केन्द्र में हो या राज्य में वे हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। समाज का हर वर्ग असंतुष्ट है। भाजपा सरकार नौकरी तो दे नहीं सकती, नौजवानों को बेरोजगार बनाने में आगे है। समाजवादी सरकार के समय की भर्तियों पर रोक लगाकर भाजपा ने अपनी विद्वेषपूर्ण मानसिकता का ही परिचय दिया है। विपक्ष के नेताओं को चुन-चुनकर अपमानित करने का काम किया जा रहा है।
किसी को नहीं दिया रोजगार
पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि, जब से भाजपा सरकार सत्ता में आई है उसने किसी को रोजगार नहीं दिया। शिक्षामित्रों, टीईटी प्रशिक्षुओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर खूब जुल्म हुआ। पुलिस ने लाठियां चलाईं। उनके साथ नाइंसाफी हो रही है। पुलिस भर्ती को रोकने में भी इस सरकार ने कुछ उठा नहीं रखा। भाजपा की नीति और नियत में खोट है। उनका एजेण्डा गरीब, नौजवान, अल्पसंख्यक विरोधी है।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।