उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने बुधवार को निशाना साधते हुए आरोप लगाया की कोरोना संकट से निपटने के बजाय ‘हेडलाइन मैनेजमेंट’ में व्यस्त है। साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लॉकडाउन में धीरे-धीरे रियायत मिलने के साथ ही वे जरूरतमंदों की ज्यादा से ज्यादा मदद करें।
इन दिनों ‘कैसे हैं आप’ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत कर रहे प्रसाद ने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लोगों की मदद को जनांदोलन की शक्ल दें। प्रसाद ने यह भी कहा कि पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रवासी मजदूरों की मदद सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और श्रमिकों के रेल किराये के खर्च का वहन कांग्रेस के करने के फैसले से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली है।
कांग्रेस ने कहा- उम्मीद है कि आर्थिक पैकेज BJP की पहली घोषणाओं जैसा नहीं होगा
उन्होंने एक बयान में दावा किया, ‘‘कोरोना संकट में जनता परेशान है। बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर वापस आ रहे हैं। लेकिन सरकार ने लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। राज्य सरकार स्थिति को संभालने और लोगों की मदद करने में विफल रही है। वह सिर्फ हेडलाइन मैनेजमेंट में व्यस्त है।’’
प्रसाद ने कहा, ‘‘ लॉकडाउन में रियायत मिलने के साथ ही पार्टी सभी कार्यकर्ताओं से अपील करती है कि वो जरूरतमंदों की ज्यादा से ज्यादा मदद करें।’’ पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना संकट खत्म होने के बाद प्रियंका गांधी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत बनाने का प्रयास तेज किया जाएगा।