उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में किन्नरों के एक समूह ने उस दौरान हंगामा खड़ा कर दिया, जब एक युवक का निकाह हो रहा था। इतना ही नहीं किन्नरों का समूह दूल्हे को अपने साथ ले गया। लड़की पक्ष वाले इस तमाशे के बाद सन्न रह गए। वहीं किन्नरों का आरोप है कि दूल्हे ने उनके एक साथी को धोखा दिया है।
दरअसल, शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला महमंद निवासी युवक का निकाह मौलागंज निवासी एक युवती के साथ तय हुआ था। इसके बाद युवक निकाह करने से आनाकानी करने लगा। बुधवार को युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत सरदारगंज पुलिस चौकी में की तो चौकी प्रभारी अनिल सिंह ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की। जिसके बाद युवक शादी के लिए राजी हुआ।
निकाह होने की बात तय होने के बाद महमंद में एक आवासीय परिसर में निकाह की तैयारी चल रही थी। बराती और दुल्हन पक्ष के लोग निकाह स्थल पर पहुंच गए थे। इसी दौरान दो वाहनों से कन्नौज जनपद के 10 किन्नर वहां पहुंच गए और निकाह न करने देने की धमकी देते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
इन लोगों का कहना था कि युवक पर 53 हजार रुपये खर्च कर चुके हैं। एक किन्नर ने युवक के साथ पूर्व में ही शादी किए जाने की बात भी कही। इसके बाद किन्नरों और वह मौजूद लोगों के बीच बवाल खड़ा हो गया। विवाद बढ़ता देख सभी लोग वह से नो दो ग्यारा हो गए। वहीं किन्नरों के तेवर देख युवक भी उनके साथ चला गया।