उत्तर प्रदेश में फर्रूखाबाद के कमालगंज कस्बे में शुक्रवार को मकान की छत के से गुजर रही उच्चशक्ति विद्युत तार की चपेट में आने से दो सगे भाई झुलस गये, जिसमें एक की मृत्यु हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कमालगंज कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी लाल खां के मकान में जीने का निर्माण कार्य किया जा रहा था। इस निर्माण के काम में उनके दो पुत्र 18 वर्षीय जावेद और 20 वर्षीय आबिद सहयोग कर रहे थे। उसी बीच मकान की छत से गुजरी बिजली की तार लाइन में अचानक आबिद का हाथ छूते ही वह चिपक गया। उसे छुटाने के प्रयास में जावेद भी झुलस गया।
उन्होंने बताया कि सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुचे और दोनों भाईयों को समीपवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार के लिये ले गये। वहां चिकित्सक ने आबिद को मृत घोषित कर दिया।