उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव मैनपुरी जिले के करहल से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को यहां हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। करहल समाजवादी पार्टी का गढ़ है और मुलायम सिंह यादव लोकसभा में मैनपुरी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
पहली बार विधानसभा चनाव लड़ेंगे अखिलेश
जिला मैनपुरी के करहल में 1.44 लाख से अधिक यादव मतदाता हैं और इसे समाजवादी नेतृत्व के लिए सुरक्षित माना जाता है। अखिलेश पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
अखिलेश यादव के चुनाव लड़ने से कार्यकर्ता है उत्साहित : भदौरिया
सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने कहा कि अखिलेश के चुनाव लड़ने से पूरी पार्टी के कार्यकर्ता उत्साहित हैं और लोग जानते हैं कि वे विधायक नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री का चुनाव करेंगे। 1989 के बाद से इस सीट पर समाजवादी पार्टी या उस समय की जनता पार्टी का दबदबा रहा है। केवल 2002 में भाजपा ने यह सीट जीती थी।