उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बहुत बड़ा झटका देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से पूर्व सांसद सिंह अपने करीबी सहयोगियों को राज्य में टिकट नहीं दिए जाने से पार्टी नेतृत्व से नाराज थे, बताते चलें कि उन्हें राहुल गांधी के करीबियों में गिना जाता था।
RPN सिंह ने थामा BJP का दामन
उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे एक पत्र में कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देता हूं। मुझे देश, लोगों और पार्टी की सेवा करने का अवसर प्रदान करने के लिए मैं आपको धन्यवाद देता हूं।” इस पर बौखलाई हुई कांग्रेस पार्टी ने भी आरपीएन सिंह को बता दिया।
कांग्रेस ने आरपीएन को बताया ‘कायर’
कांग्रेस ने आरपीएन सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान में जो लड़ाई वो लड़ रही है, उसे लड़ने के लिए साहस होना चाहिए और यह काम ‘कायर’ नहीं कर सकते। पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा , ‘‘ मेरा मानना है कि जिस लड़ाई को कांग्रेस लड़ रही है, वो बहुत मुश्किल है। वो साहस और वीरता से लड़नी है। यह सच और सिद्धांतों की लड़ाई है। यह एजेंसियों के खिलाफ लड़ाई है। प्रियंका जी ने भी यह कहा है। मुझे नहीं लगता है कि लड़ाई कायर के लिए है। इसे लड़ने के लिए साहस होना चाहिए।’’
कांग्रेस ने सिंह को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
उन्होंने कहा, ‘‘ जो जहां जा रहा है, हम उसको उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हैं। आशा करते हैं कि उन्हें समय रहते पता चल जाएगा कि शिद्दत से लड़ाई लड़ना वीरों की निशानी है।’’ सुप्रिया ने यह भी कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि कोई भी कांग्रेस में रहकर बिल्कुल ही विपरीत विचारधारा वाली पार्टी में जाएगा। ये काम कायर ही कर सकते हैं।’’
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में थे शुमार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने मंगलवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। दिलचस्प बात यह है कि आरपीएन सिंह का नाम आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कांग्रेस के 30-स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल था। ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने सोमवार को अपनी लिस्ट जारी की थी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होंगे, जो 10 फरवरी से शुरू होकर 7 मार्च को समाप्त होगा। मतगणना 10 मार्च को होनी है।