UP Elections: अवतार सिंह भड़ाना ने थामा RLD का दामन, इस वजह से छोड़ा था भाजपा का कमल

Summary :

पश्चिमी यूपी के बड़े नेता और पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना बुधवार को राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) में शामिल हो गए। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह से मुलाकात के बाद उन्होंने पार्टी का दामन थाम लिया।

उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में विधानसभा के चुनाव शुरू हो जाएंगे, ऐसे में सभी राजनीतिक दलों का सियासी संग्राम शुरू हो गया है। पश्चिमी यूपी के बड़े नेता और पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना बुधवार को राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) में शामिल हो गए। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह से मुलाकात के बाद उन्होंने पार्टी का दामन थाम लिया। आरएलडी के ट्विटर हैंडल से दोनों नेताओं के बीच मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए यह जानकारी दी गई। 

किसान आंदोलन का समर्थन, छो़ड़ी भाजपा 
पश्चिमी यूपी के मीरापुर से विधायक अवतार सिंह भड़ाना ने पिछले साल किसान आंदोलन का समर्थन करते हुए बीजेपी छोड़ने का ऐलान कर दिया था। मेरठ और फरीदाबाद से सांसद रहे अवतार सिंह भड़ाना किसान आंदोलन के दौरान काफी सक्रिय रहे। उन्हें गुर्जर समुदाय का बड़ा नेता माना जाता है। वह पिछले कुछ समय से समुदाय को एकजुट करने की कोशिशों में जुटे हुए थे। 
जानें कौन है अवतार सिंह और कितना अहम भूमिका रहेगी चुनाव में 
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में अवतार सिंह भड़ाना ने एकाएक भाजपा में एंट्री ली थी। उनकी गिनती गुर्जर राजनीति के शीर्ष नेताओं में होती है। मेरठ-मवाना लोकसभा सीट से वर्ष 1999 में कांग्रेस सांसद रह चुके भड़ाना को BJP ने टिकट दिया, तो उन्हें कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का विरोध भी झेलना पड़ा। 
इसके बावजूद उन्होंने मात्र 193 वोट से सपा के प्रत्याशी लियाकत अली को शिकस्त देकर मीरापुर से बीजेपी का विधायक बनने में कामयाबी हासिल की। योगी सरकार के मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से भड़ाना को मायूसी हाथ लगी। लंबे राजनीतिक अनुभव के बाद भी उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया, तो उनका बीजेपी से मोह भंग होने लगा।

Desk Team