उत्तर प्रदेश और पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है और लोग बढ़ चढ़कर मतदान कर रहे हैं। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने प्रदेश के श्रावस्ती से विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने अखिलेश यादव पर माफिया, और आराजक तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा प्रमुख ने संविधान की रक्षा की शपथ ली थी और वह आतंकवादियों की रक्षा कर रहे हैं। नड्डा ने यह बात रविवार को श्रावस्ती में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राम फेरन पांडेय के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
अहमदाबाद में हुए बम विस्फोट मामले में अखिलेश को घेरा
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने अखिलेश यादव पर अहमदाबाद में हुए बम विस्फोट मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराए गए आजमगढ़ के संजरपुर निवासी एक व्यक्ति के पिता पर समाजवादी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल में माफिया राज था और आजम खान, मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद का दबदबा था लेकिन योगी के शासनकाल में ये लोग सलाखों के पीछे हैं।
राहुल और प्रियंका पर भी साधा निशाना
नड्डा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अलावा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर भी साधा निशाना। उन्होंने कहा, चांदी के चम्मच के साथ पैदा हुए अखिलेश यादव, राहुल और प्रियंका गांधी जन धन खातों का मजाक उड़ाते थे। लेकिन अब उन्हें इसका मतलब समझ में आ गया है कि, अब हर तीन महीने में 10.50 करोड़ किसानों के खातों में 2000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।
योगी आदित्यनाथ ने माफिया राज और गुंडाराज को समाप्त किया : नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने माफिया राज और गुंडाराज को समाप्त किया और अब देवबंद में आतंकवाद निरोधक केंद्र बनेगा इसके साथ-साथ मेरठ, बहराइच, रामपुर, आजमगढ़ और कानपुर में भी यह केन्द्र बनेगा और योगी के नेतृत्व में राज्य भयमुक्त बनेगा। नड्डा ने कहा,‘‘ अगर आप चाहते हैं कि रोजगार युक्त और भयमुक्त उत्तर प्रदेश बने तो उसके लिए एक ही रास्ता है कि भाजपा उम्मीदवारों को वोट दीजिए। श्रावस्ती में पांचवें चरण में 27 फरवरी को मतदान होना है।