यूपी चुनाव : चौथे चरण के लिए मतदान जारी, पीएम और सीएम समेत बड़े नेताओं ने की वोट देने की अपील

Summary :

विधानसभा चुनाव के चौथे चरण की 59 सीटों के लिए मतदान जारी है। इस चरण में 624 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतदाता ईवीएम में कैद करेंगे

उत्तर प्रदेश में चल रहे विधानसभा चुनाव के चौथे चरण की 59 सीटों के लिए मतदान जारी है।  इस चरण में 624 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला मतदाता ईवीएम में कैद करेंगे।  इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मतदाताओं से बढ़- चढ़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज वोटिंग का चौथा दौर है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अपने बहुमूल्य वोट का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना योगदान करें।


गृह और रक्षा मंत्री ने भी की वोटिंग की अपील 

गृह मंत्री शाह ने सभी मतदाताओं से मतदान में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा, ‘‘ उत्तर प्रदेश में आज चौथे चरण का मतदान है। आपका एक वोट प्रदेश के करोड़ गरीबों के सम्मान व अधिकार की रक्षा करने के साथ-साथ प्रदेश को भय, भ्रष्टाचार और माफियाओं के आतंक से मुक्त बनाए रखने में अहम योगदान देगा। 


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपने ट्वीट में कहा, ‘‘उप्र। विधानसभा चुनाव के लिए आज मतदान का चौथा चरण है। लखनऊ समेत कुल 59 सीटों पर सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और ‘नए उत्तर प्रदेश’ के निर्माण में सहभागी बनें। पहली बार वोट कर रहे मतदाताओं से विशेष आग्रह है कि वे लोकतंत्र को मत्रबूत करने आगे आयें।’’ 


सीएम योगी ने भी की अपील 

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में हो रहे मतदान में मतदाताओं से बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की है।  योगी ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा, ‘‘उ.प्र। विधान सभा चुनाव-2022 का आज चतुर्थ चरण है। भयमुक्त, दंगामुक्त, अपराधमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त प्रदेश के लिए, विकासयुक्त और सुरक्षायुक्त अपने सपनों का उत्तर प्रदेश बनाने के लिए सभी सम्मानित मतदाता गण अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। अत: ध्यान रहे, पहले मतदान फिर जलपान।’’ चौथे चरण वाली सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरु हो गया है। इन सीटों पर शाम को छह बजे तक वोटिंग होगी।  

Desk Team