उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आदेश जारी कर अपने सभी कर्मचारियों को चाइनीज ऐप हटाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में यूपी एसटीएस की ओर से एक आदेश जारी किया गया है। इसके मुताबिक, सभी 52 चाइनीज ऐप्स को जल्द से जल्द अपने और अपने परिजनों के मोबाइल से हटाने को कहा गया है।
भारतीय खुफिया एजेंसियों ने चीन से जुड़े 52 मोबाइल ऐप्लिकेशन पर सरकार को रिपोर्ट दी है। जिसमें सुझाव दिया गया है कि ऐप्लिकेशन को ब्लॉक कर दिया जाए या लोगों को ऐप इस्तेमाल ना करने की सलाह दी जाए। आईजी एसटीएफ अमिताभ यश ने मोबाइल से 52 चाइनीज ऐप हटाने का यह आदेश दिया है।

एसटीएफ के लोगों और उनके परिजनों को ऐप हटाने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस के बाद एसटीएफ की ओर से आदेश जारी किया गया है। इन ऐप से व्यक्तिगत और अन्य डाटा चोरी होने की आशंका जताई गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने इन ऐप की सरकार को एक लिस्ट भेजी थी।
इसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऐप जूम, टिकटॉक, यूसी ब्राउजर, एक्सएंडर, शेयर इट और क्लीन मास्टर जैसे एप को खतरनाक बताया गया था। केंद्र सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि इंटेलिजेंस एजेंसियों की ओर से दिया गए प्रस्ताव का समर्थन नेशनल सिक्यॉरिटी काउंसिल सेक्रेटिएट ने भी किया था।
हालांकि, सरकार की तरफ से अब तक इन ऐप्स को ब्लॉक करने या न यूज करने को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। चूंकि इन ऐप्स को भारत में करोड़ों लोग इस्तेमाल करते हैं। गृह मंत्रालय इससे पहले अप्रैल माह में जूम के इस्तेमाल को लेकर एक एडवाइजरी जारी कर चुका है।


Download Android App
Download iOS App



