भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य अरुण सिंह ने केंद्र के तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों पर प्रदर्शन के नाम पर ‘हुड़दंग’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारी किसानों का देश के अधिकांश किसानों पर कोई प्रभाव नहीं है।
सिंह ने किसान आंदोलन से जुड़े एक प्रश्न के जवाब में आरोप लगाया, ‘‘वे लोग किसान नहीं हैं। वे हुड़दंगी हैं। प्रदर्शन के नाम पर केवल कुछ लोग बैठे हैं, जिनका आम किसानों पर कोई प्रभाव नहीं है। वे देश के 85 प्रतिशत छोटे किसानों के विरोधी हैं। उनके हितों पर कुठाराघात करने वाले हैं।’’
राज्यसभा सदस्य रविवार को मथुरा में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करने के लिए आए थे। सिंह ने दावा किया, ‘‘सच्चाई तो यह है कि देश के 99.99 फीसदी किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं। वे जानते हैं कि मोदी ही उनका भला कर सकते हैं। वे उनके खातों में पैसे डलवा रहे हैं व नीम कोटेड यूरिया दे रहे हैं।’’
मथुरा से सटे राजस्थान के भरतपुर में जिला पंचायत चुनाव परिणाम की चर्चा करते हुए भाजपा नेता ने कहा, ‘‘अगर किसान आंदोलन का थोड़ा सा भी प्रभाव होता तो भाजपा भरतपुर के जिला पंचायत चुनावों में ग्रामीण क्षेत्र की अधिकांश सीटें कैसे जीत जाती।’’ उन्होंने कहा कि किसान नेताओं ने असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भी भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली।