भारत के सबसे लंबे कद के व्यक्ति धर्मेंद्र प्रताप सिंह समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए हैं। पार्टी के एक बयान में कहा गया कि प्रतापगढ़ के धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सपा की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए सपा की सदस्यता हासिल की है। धर्मेंद्र प्रताप सिंह 46 साल के हैं। वह 8 फीट और 2 इंच लंबे हैं और उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है और वह एशिया के सबसे लंबे पुरुषों में से एक है।
धर्मेंद्र प्रताप सिंह को रोजगार पाने के लिए करना पड़ रहा संघर्ष
प्रतापगढ़ जिले के नरहरपुर कसियाही गाव के निवासी के पास मास्टर डिग्री है, लेकिन वे अपने लिए नौकरी खोजने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। धर्मेंद्र को रोजगार पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है और उनकी लंबाई के कारण उन्हें झुकने में भी समस्या होती है। उनके पास कोई नौकरी नहीं है और उनकी शादी नहीं हुई है। उन्होंने कहा, जब मैं नौकरी मांगता हूं तो लोग मुझे गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्हें लगता है कि मैं अपनी लंबाई के साथ पैसा कमा सकता हूं। इसी कारण से मेरी शादी नहीं हो पाई है।
सर्जरी के लिए उन्होंने किया था योगी आदित्यनाथ का रुख
धर्मेंद्र ने कहा कि लंबाई के कारण कमर के ठीक नीचे कूल्हे में दर्द होता है और रोजाना के कार्यों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने लखनऊ में एक डॉक्टर से सलाह ली थी, जिन्होंने ऑपरेशन का सुझाव दिया था। चूंकि उनके पास पैसे नहीं है और कोई रोजगार नहीं है, इसलिए धर्मेंद्र ने मदद के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर रुख किया और बाद में 2019 में हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी करवाई।


Download Android App
Download iOS App



