उत्तर प्रदेश के रामपुर में शिवसेना नेता और पूर्व जिला प्रमुख अनुराग शर्मा की बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। थाना सिविल लाइन के आगापुर क्षेत्र में अज्ञात हमलावर उनको गोली मारकर फरार हो गए। हॉस्पिटल ले जाते समय रास्ते में अनुराग शर्मा ने दम तोड़ दिया।
अनुराग शर्मा की मौत की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों और समर्थकों ने हॉस्पिटल में हंगामा किया। इस दौरान उन्होंने तोड़फोड़ की घटना को भी अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि अनुराग शर्मा की पत्नी शालिनी शर्मा बीजेपी की पार्षद हैं। बुधवार देर रात अनुराग शर्मा को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी, जिसके बाद वह गिर पड़े और हमलावर फरार हो गए।
रामपुर के एसपी शगुन गौतम ने बताया कि उन्होंने दो बार गोली मारी गई। पोस्टमॉर्टम चल रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। हम इलाके के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है।
अनुराग शर्मा पर भी दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। घटना के बाद बीजेपी के कई नेता हॉस्पिटल पहुंचे। उधर, घटना की सूचना के बाद आईजी रमित शर्मा रामपुर पहुंचे। आईजी रमित शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के परिजनों से मुलाकात की।