उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आज अपने पहले कैबिनेट का विस्तार किया। योगी सरकार के 6 कैबिनेट, 6 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 11 राज्य मंत्रियों ने शपथ ली। कैबिनेट विस्तार में जातिगत समीकरण का खास ध्यान रखा गया है। 23 मंत्रियों में से 6 ब्राह्मण, 4 क्षत्रिय, 3 वैश्य और 10 दलित व पिछड़े वर्ग से ताल्लुक रखते हैं।
योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार पहले सोमवार को होना था। लेकिन कुछ वजहों के चलते इसे (मंत्रिमंडल विस्तार) ऐन मौके पर टाल दिया गया था। बता दें कि मंगलवार को कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राजेश अग्रवाल, बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल, और अर्चना पांडे ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. साथ ही प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद स्वतंत्र देव सिंह ने भी मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
इन चेहरों को मिला मौका
कैबिनेट मंत्री के रूप में सुरेश राणा, भूपेंद्र सिंह चौधरी, अनिल राजभर, राम नरेश अग्निहोत्री, कमला रानी ने शपथ ली।नील कंठ तिवारी, कपिल देव अग्रवाल, सतीश द्विवेदी, अशोक कटारिया, श्रीराम चौहान और रवींद्र जायसवाल को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया।
इसके अलावा अनिल शर्मा, महेश गुप्ता, आनंद स्वरूप शुक्ला, विजय कश्यप, गिराज सिंह धर्मेश, लाखन सिंह राजपूत, नीलिमा कटियार, चौधरी उदय भान सिंह, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, रामशंकर सिंह पटेल और अजीत सिंह पाल ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।