SP को दिया वोट.. मतलब पीढ़ियों का भविष्य किया बर्बाद, योगी ने साधा अखिलेश पर निशाना

Summary :

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आतंकवादी से रिश्ते को लेकर सवालों के घेरे में आ चुके अखिलेश को वोट देना अपने भविष्य के साथ-साथ भावी पीढियों को भी बरबाद करने के समान है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आतंकवादी से रिश्ते को लेकर सवालों के घेरे में आ चुके अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी (सपा) को वोट देना अपने भविष्य के साथ-साथ भावी पीढियों को भी बरबाद करने के समान है। तिलोई विधानसभा के राजभवन मैदान पर बुधवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुये योगी ने कहा कि सीरियल ब्लास्ट मामले में अहमदाबाद की एक अदालत ने 38 आतंकियों को फांसी और 11 को उम्रकैद की सजा सुनायी है जिनमें नौ का संबंध उत्तर प्रदेश से है और इनमे सात आजमगढ़ से हैं। 
SP का आतंकवादियों से रहा है गहरा नाता 
उन्होंने कहा ‘‘ मैंने रायबरेली में सपा मुखिया से एक आतंकी के पिता से उनसे रिश्तों के बारे में सवाल किया था। आतंकी का पिता सपा का प्रचारक है और अखिलेश से मिल चुका है मगर सपा अध्यक्ष उनकी बात का जवाब नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष की चुप्पी लोगों के आरोपों की पुष्टि करती है। जो पार्टी आतंकवादियों और देशद्रोहियों से संबंध रखती हो, वह आमजन का भला कैसे सोच सकती है। समाजवादी पार्टी को समर्थन देने का मतलब आतंकवाद को प्रेरित और प्रोत्साहित करना है। 
SP को समर्थन यानी पेशेवर माफियाओं को संरक्षण
समाजवादी पार्टी को समर्थन देने का अर्थ पेशेवर माफियाओं को संरक्षण देने जैसा है। समाजवादी पार्टी को दिया जानें वाला वोट आने वाली पीढ़ी को बरबाद करने जैसा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलडोजर सड़क भी बनाता है, मेडिकल कॉलेज भी बनाता है और माफियाओं के घर से पैसा निकाल सरकार के खजाने में भी भरता है। आने वाली 27 तारीख को यहां की जनता अपने हित के लिये भाजपा को वोट देकर उसे सशक्त बनाये। 
सभी पार्टियां लगा रही एड़ी चोटी का जोर 
गौरतलब है कि अमेठी में आगामी 27 फरवरी को पांचवें चरण में चुनाव होना है। ऐसे में बीजेपी, कांग्रेस, सपा सभी पार्टियां अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए अपील कर रही हैं। आज अमेठी में योगी आदित्यनाथ ने तिलोई विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी मायंकेश्वर सिंह के लिए वोट मांगा वहीं कांग्रेस महासचिव ने जिले के सभी विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

आम लोगों के मुद्दों पर क्यों चुप है SP और BJP? प्रियंका बोलीं- सिर्फ कांग्रेस के दबाव में कर रहे चर्चा

Desk Team