लखनऊ : हिन्दू-मुस्लिम तेली महासभा की बैठक में में पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में लोगों को चिह्नित करके गोली मारा जा रहा है और इसे एनकाउंटर का नाम दिया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर इन फर्जी एनकाउंटरों की जांच होगी और इसमें जो भी प्रशासनिक अधिकारी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का यह दावा सत्य से परे है कि एनकाउंटर से प्रदेश में अपराधों में कमी आई है। सच्चाई यह है कि ज्यादातर एनकाउंटर फर्जी हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कानून- व्यवस्था की विफल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जनता डरी हुई है। महिलाओं की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। बलात्कार की घटनाओं से बच्चियां सहमी हुई हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि बलात्कार और नृशंसकाण्ड की गूंज राष्ट्रसंघ तक में सुनाई दी है। प्रधानमंत्री को भी अपने विदेश दौरे में इन घटनाओं पर सफाई देनी पड़ी। भाजपा ने भारत को ‘राष्ट्रीय शर्म‘ की स्थिति तक पहुंचा दिया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा जबसे सत्ता में आई है सामाजिक विघटन के साथ उसने अर्थव्यवस्था और कानून-व्यवस्था को भी चौपट कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग नोट इकट्ठा कर रहे हैं और एटीएम खाली कर रहे है। बाजार से नोट गायब होने में भाजपा की बड़ी भूमिका है। इन रुपयों का उपयोग लोकसभा चुनाव में हो सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि समाज में खाई भाजपा ने पैदा की है। उसने सभी जातियों को धोखा दिया है। चाय से बात शुरू हुई थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने बताया कि वह तेली पिछड़े समाज से हैं। अब समाज में जागरूकता है और भाजपा की लाख कोशिशों के बावजूद कोई रास्ता नहीं भटकेगा। उन्होंने कहा सामाजिक न्याय से ही विकास सम्भव है। कोई नफरत न हो और झगड़ा न हो इसलिए जनगणना के आधार पर सबको सम्मान, अवसर और अधिकार मिलना चाहिए। राजनीति से वैचारिक प्रदूषण समाप्त करने के लिए हिन्दू-मुस्लिम एकता जरूरी है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।