उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के आज ढाई वर्ष पूरे हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपनी सरकार की उपलब्धियों के बारे में पत्रकारों को बता रहे है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में योगी ने किसानों के कर्ज़ और शिक्षा जैसे मुद्दे पर अपनी उपलब्धियों को गिनाया। इस दौरान उनके साथ उप-मुख्यमंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ही मौजूद रहे।
सीएम योगी ने कहा, हमारी सरकार ने पहली ही बैठक में लघु और सीमांत किसानों का कर्ज माफ किया। प्रेदश में एक नया मेडिकल यूनिवर्सिटी व दो एम्स बन रहे हैं। उन्होंने कहा, शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की पहल की जा रही है।उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने वर्क टीम के रूप में काम करते हुए उत्तर प्रदेश के प्रति बने निगेटिव परसेप्शन को बदला।

14 साल के वनवास के बाद 19 मार्च 2017 को प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी थी। तब हमारी सरकार के सामने हर क्षेत्र में चुनौतियां थी, लेकिन हमने मुश्किलों को मौकों में बदल कर यहां सुशासन लाने के कामयाबी पाई। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने ढाई साल के कार्यकाल ने यूपी से पहचान के संकट को खत्म किया। शासन की विश्वनीयता बढ़ी। सभी मंत्रियों ने बेहतर काम करने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में किसान आत्महत्या कर रहे थे तब हमारी सरकार ने किसान कर्ज माफी योजना की शुरुआत की जिसके तहत 86 लाख किसानों के एक लाख रुपए तक के कर्ज माफ किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की पहल की जा रही है। ढाई वर्ष में बेसिक स्कूलों में 50 लाख नए बच्चे पहुंचे और सभी के लिए स्वेटर, यूनिफार्म, किताबें, खाने आदि का इंतजाम किया गया ।’’
आदित्यनाथ ने कहा कि हमने शहरों में 24 घंटे, गांवों में 18 घंटे बिजली दी है जबकि इससे पहले कोई सरकार यह नहीं कर पाई। उन्होंने कहा ‘‘बीते ढाई वर्ष में राज्य में एक भी दंगा नही हुआ, दुर्दांत अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ कर भाग गए तथा डकैती, बलात्कार, लूट, फिरौती और बलवा के मामलों में भारी कमी आई है। प्रदेश में 41 नए थाने खोले गए हैं।’’
प्रदेश सरकार के 30 माह पूरे होने पर आज मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विकास एवं सुशासन स्मारिका का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने विमोचन किया।


Download Android App
Download iOS App



