उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने लॉकडाउन के दौरान अन्य राज्यों में 14 दिन का क्वारंटाइन पीरियड पूरा कर चुके मजदूरों को गृह राज्य वापस लाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सम्बन्ध में अधिकारियों को आदेश देते हुए रणबद्ध तरीके से एक कार्य योजना बनाने को कहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को कोरोना वायरस के नियंत्रण तथा लॉकडाउन व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के जो श्रमिक, कामगार तथा मजदूर अन्य राज्यों में 14 दिन का क्वारंटाइन पूरा कर चुके हों उन्हें वापस लाने के लिए चरणबद्ध तरीके से एक कार्य योजना बनाई जाए।
हॉटस्पाट क्षेत्रों में केवल मेडिकल, सेनिटेशन तथा होम डिलीवरी टीमों को दिया जाए प्रवेश : CM योगी
उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में सूची तैयार की जाए। सम्बन्धित राज्य में स्थित प्रदेश के मजदूरों का विवरण दर्ज हो। ऐसे लोगों की स्क्रीनिंग व टेस्टिंग कराते हुए सम्बन्धित राज्य सरकार को इन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया प्रारम्भ करनी होगी। योगी ने कहा कि प्रदेश की सीमा तक सम्बन्धित राज्य सरकार द्वारा इन्हें लाए जाने के बाद ऐसे लोगों को बस के द्वारा इनके जिले में भेजा जाएगा।
यह लोग जिस जिले में जाएंगे, वहां 14 दिन क्वारंटीन करने के लिए पूरी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। इसके लिए शेल्टर होम/आश्रय स्थल को खाली कर सेनेटाइज किया जाए। शेल्टर होम पर कम्युनिटी किचन के सुचारू संचालन के लिए सभी प्रबन्ध सुनिश्चित किए जाएं, ताकि इन लोगों के लिए ताजे व भरपेट भोजन की व्यवस्था हो सके।
उन्होंने कहा कि 14 दिन की संस्थागत क्वारंटीन पूरी करने वालों को राशन की किट व एक हजार रुपये के भरण-पोषण भत्ते के साथ होम क्वारंटीन के लिए घर भेजने की व्यवस्था की जाए।