श्रीलंका में भारी बारिश की वजह से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 2,40,000 लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रीलंका के कई जिलों में गुरुवार रात से ही भारी बारिश हो रही है और कई घरों, धान के खेतों और सड़कों पर जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है और यातायात बाधित हो गया है।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन केंद्र के प्रमुख मेजर जनरल सुदांता राणासिंघे ने बताया कि खराब मौसम की वजह से 10 जिलों के 60,674 परिवारों के 2,45,212 लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया की करीब 3500 परिवार राहत शिविरों में हैं। राणासिंघे ने बताया कि विस्थापित हुए इन परिवारों के करीब 15 हजार लोगों को आश्रय देने के लिए कुल 72 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि गमपहा में दो, रत्नपुरा में तीन, कोलंबो-पुट्टालाम-कलुतारा-गाल्ले में एक-एक और कागल्ले में पांच लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि 10 लोगों की मौत बाढ़ की वजह से हुई है जबकि पांच लोगों की मौत भूस्खलन के कारण गिरे कीचड़ युक्त मलबे में दबने से हुई है।
मौसम विभाग ने बताया कि उष्णकटिबंधीय बारिश की वजह से कलुतारा, गमपहा, कोलंबो, रत्नपुरा और कागल्ले सहित कई जिलों में बाढ़ की स्थिति है और आने वाले दिनों में और बारिश होने की संभावना हैं। राष्ट्रीय इमारत अनुसंधान संगठन ने 25 प्रशासनिक जिलों में से पांच में भूस्खलन की चेतावनी दी है।