चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले पांच वर्ष में देश की अर्थव्यवस्था बेहतर करने तथा लोगों की आजीविका में सुधार के लिए अनेक प्रयास किए हैं। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) की गुईझोऊ प्रांतीय कमेटी के स्थाई समिति के सदस्य मू देगुई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासनकाल में भारत में शासन प्रणाली में सुधार हुआ है।
देगुई ने यहां पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘भारत और चीन के लंबे समय से मित्रवत संबंध हैं।’’ मोदी को चुनाव में मिली भारी सफलता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने मोदी और उनके प्रयासों की सराहना की। देगुई सीपीसी गुईझोऊ प्रोवेंशियल पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के महानिदेशक भी हैं।
उन्होंने कहा,‘‘हमने देखा है कि जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पदभार संभाला है तब से उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने, लोगों की जीविका में सुधार करने तथा शासन प्रणाली दुरुस्त करने के लिए अनेक प्रयास किए हैं। गौरतलब है कि चीन ने शुक्रवार को कहा था कि वह भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बहुत महत्व देता है और साथ ही साझेदारी को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के साथ राजनीतिक विश्वास तथा आपसी सहयोग को प्रगाढ़ करने का इच्छुक है।


Download Android App
Download iOS App



