अमेरिका में शिकागो शहर के हाईलैंड पार्क के पास स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान हुई गोलीबारी में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। वहीं पुलिस ने एक संदिग्ध हमलावर को हिरासत में लिया है। जानकारी के मुताबिक, हमलावर ने किसी इमारत की छत पर से गोलीबारी की।
हालईलैंड पार्क पुलिस के प्रमुख लो. जोगमेन ने पहले बताया था कि संदिग्ध की पहचान 22 वर्षीय ई. क्रिमो के तौर पर की गई है और ऐसा माना जा रहा है कि उसके पास हथियार थे और वह सभी की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। हालांकि, पुलिस ने संदिग्ध की हमलावर होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने सोमवार शाम को उसे पकड़ा।
लेक काउंटी मेजर क्राइम टास्क फोर्स के प्रवक्ता क्रिस्टोफर कोवेली ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि हमलावर ने किसी छत पर से राइफल से परेड में शामिल लोगों पर गोलीबारी की और वह राइफल बरामद कर ली गई है। हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि उसने किस इमारत की छत से गोलीबारी की। कोवेली ने कहा कि पुलिस का मानना है कि केवल एक शूटर ने इस हमले को अंजाम दिया।
इलिनॉयस के गवर्नर जे.बी. प्रिट्ज़केर ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमेरिका के जश्न को इस तरह से बर्बाद किया जाना काफी दुखद है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बेहद हताश हूं क्योंकि ऐसा नहीं होना चाहिए... हम ‘फोर्थ ऑफ जुलाई’ का जश्न साल में एक बार मनाते हैं और भीड़ पर गोलीबारी की घटनाएं अब अमेरिका में हर सप्ताह होने लगी हैं।’’
गोलीबारी के दौरान जान बचाकर भाग रहे थे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने खून से लथपथ शव देखे जिनपर कंबल ढंके हुए थे और सैंकड़ों लोग जान बचाकर भाग रहे थे। 'सन-टाइम्स' ने खबर दी है कि परेड सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, लेकिन गोलीबारी होते ही 10 मिनट बाद इसे रोक दिया गया।
'सन टाइम्स' के संवाददाता ने कहा कि उसने खून में लथपथ कुछ शवों पर कंबल ढंका हुआ देखा है। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने समाचार पत्र को बताया कि उन्होंने गोलीबारी की आवाज सुनी है।परेड में जाने वाले सैंकड़ों लोगों में से कुछ खून में लथपथ दिखे। वे अपनी कुर्सियां, बच्चों का सामान और कंबल वहीं छोड़कर भाग गए।