पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि राजनीतक दलों को सेना पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। श्री सिंह ने आज यहां गौरी देवी राजकीय महिला महाविद्यालय में छात्राओं को स्कूटी वितरण के अवसर के बाद पत्रकारों से कहा कि चाहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या कांग्रेस या अन्य कोई पार्टी हो, सेना पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। सेना पर राजनीति करने से उसका मनोबल गिरता है।
सेना को राजनीति से अलग रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे देश की बहादुर सेना ने कई बार विश्व का नक्शा बदला है और किसी भी राजनीतिक पार्टी को उसका राजनीतिक लाभ नहीं लेना चाहिए। उनके द्वारा उनके कार्यकाल में 19 सर्जिकल स्ट्राइक करने का बयान देने के बाद आज फिर इस बारे में सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि वह इस मामले में ज्यादा बयान नहीं दे सकते।
सेना के बारे में किसी को भी ज्यादा बयानबाजी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में भी कई बार ऐसी स्ट्राइक हुई हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति को सेना से दूर रखना चाहिए। पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर पूछे गये सवाल पर श्री सिंह ने कहा कि इस सर्जिकल स्ट्राइक का पूरा श्रेय सेना को जाता है और जो राजनीति हो रही है, वह देश हित और सेना के हित में बंद कर देनी चाहिए।